देहरादून, उत्तराखंड: राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सरकारी प्राथमिक स्कूलों में सहायक अध्यापक के 1,649 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं। शनिवार को शासन की ओर से शिक्षा विभाग को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के आदेश जारी कर दिए गए।
शिक्षा मंत्री द्वारा मीडिया में दिए गए बयान के अनुसार, सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में कुल 2,100 पद खाली हैं। इनमें से 451 पदों की भर्ती प्रक्रिया न्यायालय में विचाराधीन है। शेष 1,649 पदों पर जिलास्तर पर भर्ती की जाएगी। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में उपलब्ध रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया आरम्भ करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश जारी होने के बाद अपर सचिव एमएम सेमवाल ने प्राथमिक शिक्षा निदेशक को भर्ती कार्यवाही जल्दी शुरू करने के लिए कहा है। मंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्ष से सरकार प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से लगातार प्राथमिक शिक्षकों की नियुक्ति कर रही है। अब तक राज्य भर में तीन हजार से अधिक रिक्त पद भरे जा चुके हैं।
मंत्री ने बताया कि कुछ अभ्यर्थियों की बीएड, एनटीटी और डीएलएड जैसी योग्यता को शामिल करने को लेकर न्यायालय में मामला विचाराधीन था। हाईकोर्ट के आदेश के बाद संशोधन कर वर्ष 2017 से 2019 के बीच बीएड, एनटीटी और डीएलएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को भर्ती नियमावली में शामिल किया गया है।
जिलों में भर्ती प्रक्रिया शुरू होते ही प्राथमिक शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे सरकारी प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता मजबूत होगी और शिक्षा व्यवस्था को गति मिलेगी।